अपना गांव
आधी रात यह पिशाचों का पहर
शहर की गंदी बस्तियों में भूख से बेहाल
बिलख रहा एक मटमैला संसार
काली-कुरुप काया वाले
एक निवाले की अंतहीन आस में उनींदे ये लाखों कामगार
जिन्होंने अपनी हर एक सांस लिख दी थी
अमीरों की ऐय्याशी के नाम
पर जब संकट की घड़ी आई तो इनसे मुंह फेर लिया
इनके कुबेरसम स्वामियों ने
लाशों में भी वोट ढूंढती सियासी गिद्ध टोलियों ने
चुनाव के मौसम में कुकुरमुत्तों की तरह उमगे राष्ट्रवादियों ने
इंसानी लहू पीकर पले-बढे धर्मनिरपेक्षता वादियों ने
मजहब का चोला पहने नफरत के कारोबारियों ने
अपनी सियासी सनक को असहमति का नाम देने वाले
दोगले,बेशर्म बुद्धिजीवियों ने
सदियों से मानवाधिकार सिखा रहे स्वयंभू मसीहाओं ने
ये भाग्यहीन अपनी छोटी सी खिड़की से बाहर झाँकते हैं
और किसी भी गोल वस्तु को रोटी समझकर
बेहिसाब आशा से भर जाते हैं
पर जब सत्य उजागर होता है तो उसे सहन नहीं कर पाते
और घनघोर लाचारी के उन बोझिल क्षणों में
इनकी मौत महज एक शुष्क आंकड़ा है
संविधान की शपथ लेकर
इनको बचाने का ढोंग करने वाले सफेदपोश मक्कारों के लिए
और बाजार में बेचने के लिए एक रक्तरंजित तमाशा है
स्वयं को निष्पक्ष कहने वाले उस निर्मोही मीडिया के लिए
जो झूठ को पकवान की तरह परोसता है
और सच को कलंक की तरह छिपाता है
जब देख लिया सरकारों का इंतजाम
जब प्रकट हो गया हमदर्दी का कुरूप चेहरा
जब मिट गया शुरुआती क्षणों का क्षणभंगुर शीतल अहसास
जब डराने लगा आसन्न मौत का काला ललाट
तो बेबस कदम बढ चले वीरान सड़कों पर
जेठ की तपन में तय करने बेनापी दूरियां
एक अदद रोटी की तलाश में
सिर पर भारी बोझ,
गोद में फूल की तरह कुंम्हलाए बच्चे,
हलक में प्यास, नैनों में चिंता का सैलाब
नंगे लहूलुहान पांव, तार-तार वस्त्रों में लिपटे
वे चले जा रहे धरा के दिशाहीन सुनसान में
शासन के प्रहरियों से पिटते हुए, लतियाते हुए
पर बावजूद इसके एक छोटा सा सपना संजोए हुए
कि एक दिन वह सुकूनदाई गंतव्य अवश्य आएगा
जहां मौत के साए से दूर एक बेफिक्री होगी
जहां मयस्सर होगी दो जून की रोटी
अपनी आबोहवा का आत्मिक अहसास
सिर पर पिता के बनाए छप्पर की शीतल छांव
जिसे ये बदनसीब अपना गांव कहते हैं ।


No comments:
Post a Comment